द फॉलोअप डेस्कः
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना को वर्चुअली लॉन्च किया। इसके तहत 1309 रेलवे स्टेशनों को री-डेवलप किया जाएगा। पहले फेस में 508 स्टेशनों को शामिल किया गया है। पहले चरण में झारखंड के 20 स्टेशनों को इसमें शामिल किया गया है। आपको बता दें कि पलामू ज़िले के डालटनगंज रेलवे स्टेशन, गढ़वा स्टेशन और उंटारी रोड स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल किया गया। कार्यक्रम के दौरान डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर भी पलामू सांसद विष्णु दयाल राम , नोडल अधिकारी सह वरीय मंडल संरक्षण अधिकारी मनीष सौरभ ने अमृत स्टेशन का शिलान्यास किया। अब सभी चयनित रेलवे स्टेशन को मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। जहां हर सुविधाएं यात्रियों को मिलेगी ।

24,470 करोड़ रुपए खर्च होंगे
मौके पर पांकी विधायक शशिभूषण मेहता , भाजपा जिला अध्यक्ष विजयानन्द पाठक , छतरपुर विधायक पुष्पा देवी, वरिष्ठ भाजापा नेता श्याम नारायण दुबे समेत भाजपा के कई नेता और रेलवे पदाधिकारी उपस्थित रहे। बताते चले कि पहले चरण में धनबाद मंडल मंडल के अंतर्गत चयनित चन्द्रपुरा, गोमो, कतरास, नगर उंटारी, गढ़वा टाउन, पहारपुर, पारसनाथ, हजारीबाग रोड, कोडरमा, लातेहार, डालटनगंज, गढ़वा रोड, बरकाकाना, रेनुकूट और चोपन स्टेशनों पर इस योजना के तहत विकास कार्य किया जाएगा। इसके अलावा कोडरमा रेलवे स्टेशन के साथ साथ खड़कपुर रेल मंडल के घाटशिला रेलवे स्टेशन का कायाकल्प होगा। उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 55-55, बिहार में 49, महाराष्ट्र में 44, मध्य प्रदेश में 34, पश्चिम बंगाल में 37, असम में 32, ओडिशा में 25, पंजाब में 22 और गुजरात-तेलंगाना में 21-21 स्टेशनों को विकसित किया जाएगा। आंध्र प्रदेश-तमिलनाडु में 18-18 स्टेशन, हरियाणा में 15 और कर्नाटक में 13 स्टेशनों को री-डेवलप किया जाएगा। इसमें कुल 24,470 करोड़ रुपए खर्च होंगे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT